स्थानीय लोगों ने अपने नेताओं की जल्द रिहाई की मांग की है और धमकी दी है कि अगर उनके नेताओं को जल्द रिहा नहीं किया गया तो वह सरकार के खिलाफ लड़ाई छेड़ देंगे।
पाकिस्तान के गिलगित बाल्टिस्तान में एक बार फिर पाकिस्तान के लोग बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आए हैं। विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों ने अपने नेताओं की जल्द रिहाई की मांग की है और धमकी दी है कि अगर उनके नेताओं को जल्द रिहा नहीं किया गया तो वह सरकार के खिलाफ लड़ाई छेड़ देंगे और भारत के साथ मिल जाएंगे।
सामने आया विरोध प्रदर्शन का वीडियो
सोशल मीडिया पर गिलगित बाल्टिस्तान में चल रहे विरोध प्रदर्शन का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें प्रदर्शनकारी पाकिस्तान सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने की धमकी दे रहे हैं। साथ ही कहते सुनाई दे रहे हैं कि अगर उनकी मांग नहीं मानी गई तो वह कारगिल चले जाएंगे। यह एक तरह से संकेत है कि वह भारत के साथ मिल जाएंगे।
क्या है विवाद
वीडियो में दिख रहा है कि प्रदर्शनकारी कारगिल जाने के नारे लगा रहे हैं। बता दें कि गिलगित बाल्टिस्तान में एक शिया धर्मगुरू के खिलाफ एफआईआर हुई हैं। इसे लेकर समुदाय के लोगों में नाराजगी है। जिसके बाद स्कार्दू में भारी संख्या में लोगों ने पाकिस्तानी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। गिलगित बाल्टिस्तान के लोगों में ईशनिंदा कानून को और सख्त बनाए जाने को लेकर भी नाराजगी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शिया धर्मगुरू शेख बाकिर अल हुसैनी के खिलाफ ईशनिंदा कानून के तहत एफआईआर की गई है। आरोप है कि शिया धर्मगुरू ने पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। हालांकि शिया धर्मगुरू ने आरोपों से इनकार किया है। प्रदर्शनकारियों ने कराकोरम हाइवे को ब्लॉक कर दिया।