नई दिल्ली: 12 मई, 2024 को बाहरी उत्तरी दिल्ली के बवाना इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में भयानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की 12 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू कर दिया।
फायर कंट्रोल रूम के अनुसार, दोपहर 3 बजे के आसपास आग लगने की सूचना मिली थी। 60 से अधिक दमकल कर्मियों की टीम आग पर काबू पाने में जुटी हुई थी। यह हादसा बवाना इंडस्ट्रियल एरिया के सेक्टर 1 में हुआ था।
दमकल विभाग के अनुसार, आग लगी इमारत में 65 से 70 एलपीजी सिलेंडर रखे हुए थे, जिसके कारण विस्फोट होने की आशंका बनी हुई थी।
आग लगने के बाद खुद को बचाने के लिए फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारी भागने लगे। इस हादसे में 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें महर्षि वाल्मीकि अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से 3 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दमकल विभाग ने लगभग 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग लगने का कारण अभी तक अज्ञात है। दमकल विभाग और पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है।
दिल्ली से प्रदीप सिंह उज्जैन की रिपोर्ट