जयराम ठाकुर ने साधा निशाना, बोले-हिमाचल कांग्रेस में तालमेल की कमी

29 Dec, 2023
Head office
Share on :
शिमला। वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारी करनी शुरू कर दी है। इस कड़ी के तहत भाजपा किसान मोर्चा की महत्वपूर्ण बैठक मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष संजीव देष्टा की अध्यक्षता में हुई, जिसमें नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने भाग लिया। जयराम ठाकुर ने इस दौरान पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में तालमेल की कमी है, इसलिए उनको दिल्ली बुलाया गया था। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में दी गई झूठी गारंटियाें से कांग्रेस में चिंता है। उन्होंने कहा कि भाजपा से संबद्ध सभी मोर्चे इलैक्शन मोड में आ गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आपदा में केंद्र से मिली उदार वित्तीय सहायता पर राज्य सरकार राजनीति कर रही है लेकिन इसके बावजूद भाजपा चारों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर पार्टी से संबद्ध सभी 8 मोर्चों की बैठक जल्द होगी, जिसमें आगामी रणनीति तय की जाएगी। मंडल स्तर पर संगठन का विस्तार कर दिया गया है और अब पूरी टीम चुनाव की तैयारियों में जुट जाएगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान को भी अब झूठी गारंटियों की चिंता सताने लगी है क्योंकि जनता को ज्यादा समय तक अंधेरे में नहीं रखा जा सकता। राजीव बिंदल ने कहा कि इस समय भाजपा की सबसे बड़ी गारंटी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो कहते हैं, उसे करके दिखाते हैं। केंद्र सरकार ने जहां किसानों के खातों में हर वर्ष 6000 रुपए की सम्मान निधि डाली है, वहीं खाद के दाम भी नहीं बढ़ने दिए तथा गेहूं, चावल, दालों और तिलहन में एमएसपी की दरों को कई गुना बढ़ाया गया है। इतना ही नहीं, 14000 करोड़ रुपए की विश्वकर्मा योजना शुरू करके कुम्हार, सुनार, लोहार, बढ़ई और मिस्त्री जैसे वर्गों को राहत प्रदान की है। देश में साढ़े 3 करोड़ पक्के घर, 20 करोड़ घरों में स्वच्छ जल, 11 करोड़ शौचालय निर्माण और 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन वितरित किया गया है। भाजपा किसान मोर्चा की बैठक में भाजपा के संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा और प्रदेश मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा विशेष रूप से उपस्थित रहे। मोर्चा प्रदेश मीडिया प्रभारी महेंद्र शर्मा ने बताया कि भाजपा के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार मोर्चा आगे बढ़ेगा तथा आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का प्रयास करेगा।

News
More stories
Dausa : पात्र लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं में लाभान्वित करवाने के लिये सभी विभागीय