अभाविप की वार्षिक डायरी पर अयोध्या में बन रहे राम मंदिर का मॉडल

31 Oct, 2023
Deepa Rawat
Share on :

नई दिल्ली, 31 अक्टूबर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की वार्षिक डायरी पर अयोध्या में बन रहे राम मंदिर के प्रस्तावित मॉडल को प्रकाशित किया गया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की छात्र दैनंदिनी (वार्षिक डायरी) का मंगलवार को दिल्ली में विमोचन किया गया।

अभाविप के मुताबिक वर्ष 2024 की इस विद्यार्थी डायरी के मुखपृष्ठ पर अयोध्या में बन रहे राम मंदिर के प्रस्तावित मॉडल तो है ही इसके साथ ही आदित्य एल-1 भी है। वहीं भारत की भाषाई समृद्धता, भारत मंडपम्, चंद्रयान-3, युवाओं की सेवा व पर्यावरण क्षेत्र में प्रतिनिधि भूमिका, अभाविप की सेवा क्षेत्र गतिविधियां आदि के उल्लेख द्वारा न‌ए भारत की युवा आशाओं के स्वर को भी इसमें स्थान मिला है।

अभाविप का कहना है कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के ‘अमृत महोत्सव वर्ष’ का राष्ट्रीय अधिवेशन दिल्ली में 7-10 दिसंबर 2023 आयोजित होगा। अभाविप के इस राष्ट्रीय अधिवेशन में देश भर से दस हज़ार से अधिक विद्यार्थी सहभागिता करेंगे। अभाविप के राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियों शुरू हो गईं हैं, ताकि अधिवेशन को भव्य तथा सफल बनाया जा सके।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल ने कहा कि अभाविप की नई छात्र दैनंदिनी में संगठनात्मक विषयों की संक्षिप्त जानकारी है। त्योहारों का उल्लेख कैलेंडर इत्यादि की जानकारी के साथ भारतीय युवाओं की आकांक्षाओं तथा भारत की प्रगति को दर्शाया गया है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की छात्र दैनंदिनी के विमोचन का अवसर प्रत्येक अभाविप कार्यकर्ता तथा विद्यार्थी के लिए विशेष है। उन्होंने कहा कि अभाविप की वर्ष 2024 की विद्यार्थी डायरी के मुखपृष्ठ पर अयोध्या में बन रहे राम मंदिर के प्रस्तावित मॉडल, चन्द्रयान-3, के उल्लेख द्वारा न‌ए भारत की युवा आशाओं को स्थान मिला है।

–आईएएनएस

जीसीबी/एबीएम

News
More stories
जम्मू-कश्मीर एलजी ने श्रीनगर में झेलम रिवरफ्रंट का उद्घाटन किया