अयोध्या में सजेंगी भगवान रघुनाथ की पादुकाएं

19 Jan, 2024
Head office
Share on :

कुल्लू। देवभूमि कुल्लू में विराजमान भगवान रघुनाथ जी की अयोध्या में होने जा रही रामलला प्राण प्रतिष्ठा में अहम भूमिका रहेगी। इस प्राण प्रतिष्ठा के लिए भगवान रघुनाथ जी ने अपने मुख्य सेवक महेश्वर सिंह को अयोध्या के लिए भेजा है। यही नहीं इनके पास भगवान रघुनाथ जी ने रामलला मंदिर के लिए चांदी की पादुकाएं भेंट स्वरुप भेजी हंै। अयोध्या के साथ कुल्लू में विराजमान भगवान रघुनाथ जी का गहरा संबंध है। इनका इतिहास अयोध्या के साथ जुड़ा है। ऐसे में देवभूमि कुल्लू के जन अयोध्या प्राण प्रतिष्ठा के प्रति उत्साहित है। गुरुवार को भगवान रघुनाथ जी के मूल स्थान रघुनाथपुर से अयोध्या के लिए पादुका यात्रा रवाना हुई है।

राजपरिवार सहित भगवान रघुनाथ जी के भक्त यात्रा रवाना होते भावुक हुए। देशभर में अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर की प्रतिष्ठा समारोह को लेकर जहां उत्सव का माहौल बना हुआ है, तो वहीं निमंत्रण मिलने वाले धर्माचार्य सहित विशेष अतिथि भी अब अयोध्या के लिए रवाना हो रहे हैं। भगवान रघुनाथ के छड़ीबरदार महेश्वर सिंह ने बताया कि यह सब सामान को लेकर वह अब अयोध्या के लिए रवाना हो रहे हैं। भगवान रघुनाथ का अयोध्या से गहरा नाता है और अयोध्या के राजस्व रिकॉर्ड में भी यह सब दर्ज किया गया है। देश भर में भगवान श्रीराम के मंदिर प्रतिष्ठा को लेकर उत्सव का माहौल बना हुआ है। जिला कुल्लू के मुख्यालय रघुनाथपुर में भगवान रघुनाथ के मंदिर में गुरुवार को विशेष पूजा-अर्चना कर सैकड़ो की संख्या में लोग उपस्थित रहे और पूरा कुल्लू भगवान रघुनाथ के जयकारों से गूंज उठा।

News
More stories
कांग्रेस सरकार ने अपराध का गढ़ बनाया था, हम कर रहे सुधारने का काम : अरुण साव