पाकिस्तानी जासूस इकबाल भट्टी की सजा पूरी,अब पाकिस्तान भेजने की तैयारी

22 Mar, 2025
Head office
Share on :

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में वेश बदलकर रहते पकड़े गए पाकिस्तानी जासूस शाहिद इकबाल भट्टी उर्फ देवराज सहगल की सजा पूरी हो गई है। 17 साल जेल में रहने के बाद अब उसको पाकिस्तान वापस भेजा जाएगा। इसको लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने गृह मंत्रालय को पत्र लिखा है।इक भट्टी इस समय नोएडा जेल में बंद है।गृह मंत्रालय और पाक दूतावास के बीच वार्ता के बाद इकबाल भट्टी के वतन वापसी पर निर्णय लिया जाएगा। ऐसे में अब गृह मंत्रालय के आदेश का इंतजार है। आदेश जारी होने के बाद ही इकबाल भट्टी जेल से बाहर निकाला जाएगा।

इकबाल भट्टी नाम बदलकर थाना सदर बाजार क्षेत्र के हकीकत नगर मुहल्ले में मकान में कई वर्षों तक रहा था।यहां पर कंप्यूटर सेंटर भी चलाता था।स्थानीय लोग उसे देवराज सहगल के नाम से जानते थे।यहां उसने फर्जी आईडी पर वोटर कार्ड, बैंक अकाउंट, राशन कार्ड आदि बनवा लिए थे और खाता भी खुलवाया था।भट्टी ने मुहल्ले में अपनी अलग पहचान बना ली थी।साथ ही उसने सरकारी विभागों में भी घुसपैठ शुरू कर दी थी।मामले का पता चलते ही स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य प्रबंधक की तरफ से सदर बाजार थाने में 6 नवंबर 2008 में इकबाल भट्टी पर मुकदमा दर्ज कराया गया।

दरअसल साल 2008 में पंजाब पुलिस ने इकबाल भट्टी को पटियाला से गिरफ्तार किया था।भट्टी मूलरूप से पाकिस्तान के कसुर जिले का रहने वाला है।पंजाब पुलिस ने भी अपने स्तर पर वहां कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। सहारनपुर की अदालत ने सजा सुनाई थी, जिसके बाद सहारनपुर जेल की बजाय गौतमबुद्धनगर जेल में भेज दिया गया था।भट्टी के खिलाफ फर्जी तरीके से वोटर आईडी बनवाने,बैंक अकाउंट खुलवाने,राशन कार्ड बनवाने और सेना से जुड़े नक्शे आदि से संबंधित मामले थे।

फिलहाल इकबाल भट्टी नोएडा जेल में बंद है। पत्राचार शुरू होने के बाद नोएडा जेल प्रशासन की ओर से सहारनपुर जेल को पत्र लिखकर उसके संदर्भ में विस्तृत जानकारी मांगी गई है। एलआईयू के साथ पुलिस अफसरों ने पत्राचार किया है। अब नोएडा जेल प्रशासन को गृह मंत्रालय के आदेशों का इंतजार है। गृह मंत्रालय के आदेश के बाद ही इकबाल भट्टी जेल से बाहर आ पाएगा।

सहारनपुर एसएसपी रोहित सजवान ने कहा कि पाक जासूस वर्तमान में नोएडा जेल में बंद है। उसकी सजा पिछले माह पूरी हो चुकी है।ऐसे में गृह मंत्रालय को पत्र लिखा गया है, ताकि उसको जेल से बाहर निकालकर पाकिस्तान भेजा जा सके। गृह मंत्रालय का रिहाई सम्बंधी पत्र प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सहारनपुर के वरिष्ठ जेल अधीक्षक सत्य प्रकाश ने कहा कि इकबाल भट्टी की सजा पूरी हो चुकी है। नोएडा जेल से उसको लेकर 66 जानकारी मांगी गई थी। एलआईयू ने भी मामले की जांच की है। मामले में गृह मंत्रालय को पत्र लिखा गया है। मंत्रालय का पत्र प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

News
More stories
लखनऊ में एनकाउंटर के ठीक बाद दोहरा हत्याकांड,दो युवकों की गला रेतकर हत्या