भाजपा ने मुख्यमंत्री पद के लिए भूपेंद्र पटेल को चुनावी मैदान में उतारा है। आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी पार्टी से पत्रकार यसुदान गढ़वी के नाम की घोषणा की है।
नई दिल्ली: गुजरात में 5 दिसंबर को दूसरे चरण का मतदान होना है। कल चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। गुजरात चुनाव में जीत हासिल करने के लिए तीनों पार्टी के नेता ( आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस) दिन- रात एक करने में लगे हैं। पीएम मोदी भी चुनाव के लिए धुआंधार प्रचार करने में लगे हुए हैं। इसी कड़ी में पीएम मोदी ने शुक्रवार को कांकरेज और पाटन में जनसभा को संबोधित किया। मोदी ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर निशाना साधा।
ये भी पढ़े: नीलांचल एक्सप्रेस ट्रेन से बड़ा हादसा, युवक के गर्दन के आर- पार हुआ लोहे का सरिया, मौत
कांग्रेस ने चुनाव में हार मान ली है – पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाटन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की विशेषता चुनाव के समय मोदी का अपमान करना और मतदान के समय ईवीएम का अपमान करना है। यह इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि कांग्रेस ने इस चुनाव में हार मान ली है। गुजरात के लोगों को बीजेपी पर भरोसा है।
लटकाना और भटकाना कांग्रेस की आदत है – मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि लटकाना और भटकाना कांग्रेस की आदत है। कांग्रेस का स्वभाव है कि वह कोई भी ऐसा काम नहीं करती जिसमें उसका अपना हित न दिखाई देता हो। मोदी ने कहा कि भारत की गौ वंश की विरासत हमारी बहुत बड़ी ताकत है। विपरीत परिस्थितियों में भी हमारी कांकरेज की गाय ने अपना स्वभाव बदल लिया है।
गुजरात को विकसित बनाने में महिलाओं की बड़ी भूमिका – पीएम मोदी
मोदी ने आगे कहा कि गुजरात को विकसित गुजरात बनाने के लिए गुजरात की नारी शक्ति की भूमिका बहुत बड़ी है। पिछले 20 वर्षों में सूखा, बेमौसम, सुजलाम ने सुफलाम के माध्यम से हरी-भरी धरती बनाने का काम किया है।
5 तारीख को इन जिलों में होगा मतदान

दूसरे चरण में 14 जिलों की 93 सीटों पर चुनाव होगा। इन जिलों में बनासकांठा, पाटन, मेहसाणा, साबरकांठा, अरावली, गांधीनगर, अहमदाबाद, आणंद, खेड़ा, महिसागर, पंच महल, दाहोद, वडोदरा और छोटा उदयपुर शामिल हैं। यानी, दूसरे चरण में मध्य और उत्तर गुजरात की सीटों पर चुनाव संपन्न होगा।
गुजरात में युवा मतदाता की संख्या है ज्यादा

चुनाव आयोग के मुताबिक, गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए इस बार 4 करोड़ 91 लाख 17 हजार 308 लोग मतदान सूची में हैं। इनमें से ज्यादातर युवा मतदाता हैं।
बीजेपी और आप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार

आपको बता दें, भाजपा ने मुख्यमंत्री पद के लिए भूपेंद्र पटेल को चुनावी मैदान में उतारा है। आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी पार्टी से पत्रकार यसुदान गढ़वी के नाम की घोषणा की है। वहीं कांग्रेस ने अभी मुख्यमंत्री पद के लिए कोई भी नाम की घोषणा नहीं की है।
2017 में कांग्रेस ने भाजपा को दी थी कड़ी टक्कर
भाजपा को गुजरात में पिछले छह विधानसभा चुनावों में कोई हिला नहीं पाया है। साल 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 99 सीट जीती थीं, जबकि कांग्रेस को 77 सीट मिली थीं। प्रतिशत के लिहाज से देखा जाए तो उस चुनाव में भाजपा को 49.05 प्रतिशत मत मिले थे, जबकि कांग्रेस को 42.97 प्रतिशत मत मिले थे।
Edit By Deshhit News