वनभूलपुरा कांड के मास्टरमाइंड मलिक से होगी ढाई करोड़ की वसूली

14 Feb, 2024
Head office
Share on :

नैनीताल: वनभूलपुरा कांड के मास्टरमाइंड अब्दुल मलिक से हिंसा के दौरान हुए नुकसान की वसूली की जाएगी। हिंसा के दौरान हुई संपत्ति के नुकसान पर नगर निगम ने अब्दुल मलिक को करीब ढाई करोड़ का वसूली नोटिस जारी किया है। सोमवार को इसके लिए नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने लिखित नोटिस जारी कर दिया है। वसूली की रकम को जमा करने के लिए पन्द्रह फरवरी तक का समय दिया गया है। नोटिस में कहा गया है कि मलिक का बगीचा में किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई के दौरान हुई हिंसा और उपद्रव में नगर निगम की संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है। मौके पर मौजूद ट्रैक्टर, जीप के साथ ही लोडर वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। अब इसकी वसूली के लिए निगम ने उपद्रव के मास्टरमाइंड मलिक को नोटिस जारी कर दिया है।

सोमवार को जारी नोटिस में कहा गया है कि राज्य सरकार की जमीन को खाली करने के लिए कार्रवाई से पहले नोटिस जारी कर दिया था। इसके बावजूद क्षेत्र से अतिक्रमण नहीं हटाया गया। वहीं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान नगर निगम, पुलिस और प्रशासन की टीम पर समर्थकों के साथ हमला किया गया। इस दौरान निगम की एक दर्जन से ज्यादा संपत्तियों को क्षतिग्रस्त किए जाने के साथ ही लूट लिया गया। कहा गया है कि इसके लिए आठ फरवरी को मलिक को आरोपी के रूप में नामजद किया गया है। अब निगम ने प्रारंभिक आकलन में 2.44 करोड़ की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान लगाया है। इसे जमा करने लिए पंद्रह फरवरी तक का समय दिया गया है। इसके बाद वसूली राशि जमा नहीं किए जाने पर विधिक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है। नोटिस के अनुसार के ट्रैक्टर, लोडर वाहन, कूड़ा गाड़ियों, महेंद्रा बोलेरो वाहन, यूटीलिटी वाहन और उपकरणों को नुकसान पहुंचा है। नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने बताया कि संपत्तियों को आकलन कर नोटिस जारी किया गया है। धनराशि निर्धारित समय में जमा नहीं किए जाने पर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

तो क्या शहर-शहर भाग रहा मास्टरमाइंड मलिक?

हल्द्वानी हल्द्वानी हिंसा का मुख्य आरोपी अब्दुल मलिक तो क्या शहर-शहर भाग रहा है? पुलिस अधिकारियों के दावे से तो यही निष्कर्ष निकल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मलिक की लोकेशन को लगातार ट्रेस करने पर पता चल रहा है कि वह शहर-शहर भाग रहा है। फिलहाल, वह पुलिस की पकड़ से बाहर है। उपद्रव मामले में नामजद अब्दुल मलिक की गिरफ्तारी पुलिस के सामने बड़ी चुनौती बनी है। पुलिस टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। पुलिस के दावे के अनुसार अब तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर उसकी लोकेशन ट्रेस की है।

News
More stories
Uttarakhand : श्रद्धालुओं ने बसंत पंचमी पर गंगा में लगाई डुबकी